news-details

मलिन बस्ती में मिशन शक्ति शिविर, महिलाओं को योजनाओं की जानकारी

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शुक्रवार को पडरौना नगर पालिका परिषद के रामधाम विशुनपुरा स्थित मलिन बस्ती में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में लोगों को महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता रामवृक्ष गिरि ने संयुक्त रूप से की। शिविर में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी गई। लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया समझाई गई।जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह ने महिला एवं बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181, आपातकालीन सेवा 112 और एंबुलेंस सेवा 108 व 102 की उपयोगिता समझाई।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरालीगल वॉलंटियर ज्योति ने निःशुल्क कानूनी सहायता और परामर्श की जानकारी देते हुए हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया। उन्होंने जरूरत पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता लेने की अपील की।शिविर में श्रमिक सुविधा केंद्र के राजू कुमार, दिनेश और बस्ती के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। अंत में योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।