news-details

मजदूर की बेटी के नाम 20.98 करोड़ का कारोबार, आयकर विभाग के समन से परिवार में मचा हड़कंप

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले पिता और बीए की पढ़ाई कर रही बेटी के सामने उस समय बड़ी परेशानी खड़ी हो गई, जब आयकर विभाग की ओर से 20.98 करोड़ रुपये के कथित कारोबार को लेकर समन पहुंचा। मामला उन्नाव के गिरिजाबाग मोहल्ले का है, जहां छात्रा रश्मि सविता को आयकर विभाग चंडीगढ़ की ओर से नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।बताया गया कि आयकर विभाग ने आयकर अधिनियम की धारा 131(1A) के तहत रश्मि को समन जारी किया है। नोटिस में 20.98 करोड़ रुपये की कथित आय और कारोबारी लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में जानकारी मांगी गई है।रश्मि का कहना है कि उन्हें इस तरह के किसी कारोबार की कोई जानकारी नहीं है। जांच करने पर उन्हें पता चला कि उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड का कथित रूप से दुरुपयोग कर दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में ‘आरएस इंटरप्राइजेज’ नाम की फर्म संचालित की गई।रश्मि के अनुसार, उन्होंने न तो कोई फर्म खोली और न ही करोड़ों रुपये का कोई व्यापार किया। आरोप है कि 15 जनवरी 2025 से 9 मई 2025 तक उनके दस्तावेजों के आधार पर फर्म चलाई गई, जबकि उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी।रश्मि के पिता अजय शंकर मजदूरी करते हैं। ऐसे में बेटी के नाम करोड़ों रुपये के कारोबार का मामला सामने आने से परिवार परेशान है। रश्मि ने आयकर विभाग को अपना पक्ष भेजते हुए पूरे मामले से अनभिज्ञता जताई है।उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आधार और पैन कार्ड के दुरुपयोग की आशंका जताई है। साथ ही पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर फर्जी फर्म बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।अब पुलिस और आयकर विभाग इस पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दस्तावेजों का दुरुपयोग कैसे और किसके द्वारा किया गया।