
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के मया विकासखंड क्षेत्र के महबूबगंज बाजार और मीरपुर इलाके में बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। यहां बंदरों का एक झुंड लोगों को निशाना बना रहा है। खासकर एक बंदरिया घरों में घुसकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काट रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से बंदरिया का हमला लगातार बढ़ रहा है। महबूबगंज बाजार के संतोष यादव और रामकरण साहू ने बताया कि रोजाना दो से चार लोग बंदर के काटने का शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा बंदरों का झुंड आम सहित अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी वन विभाग को दी गई, लेकिन अभी तक बंदरों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मीरपुर के भाजपा नेता संतोष यादव ने भी वन विभाग से संपर्क कर समस्या से अवगत कराया है।सबसे बड़ी परेशानी यह है कि महबूबगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बंदर और कुत्ते के काटने के बाद लगने वाली वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। लोगों को इलाज के लिए मया बाजार या गोसाईगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द बंदरों को पकड़वाने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि लोगों को समय पर इलाज मिल सके।