
अमेठी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर सैनिक स्कूल अमेठी के एनसीसी कैडेट्स ने सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ले. कर्नल सतवीर सिंह तंवर एवं प्रशासनिक अधिकारी ले. कर्नल भरत पाटनी की प्रेरणा से आयोजित इस अभियान में सीटीओ मुन्ना कुमार शर्मा, सूबेदार गणेश सिंह राठौर एवं हवलदार नीलेश जाधव के सहयोग के साथ सहायक अध्यापक मनसुखपाल, अध्यापिकाओं पूजा जोशी, अंकिता वर्मा एवं प्रगति चौहान ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता से समृद्धि’ कार्यक्रम के तहत नारा लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कैडेट्स ने स्वच्छता के महत्व एवं स्वच्छ समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को नारों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। वहीं ‘स्वच्छ पर्व, हरित पर्व’ के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में कैडेट्स ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इसके अतिरिक्त ‘युवा फॉर स्वच्छता’ अभियान के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स ने स्वयं श्रमदान करते हुए आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कैडेट्स ने अपने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा-भाव का परिचय देते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित भारत के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।सैनिक स्कूल अमेठी के एनसीसी कैडेट्स द्वारा आयोजित यह अभियान एनसीसी के ‘एकता और अनुशासन’ के साथ-साथ सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को भी प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स ने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।