news-details

महिला सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए कुशीनगर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कुशीनगर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।

अभियान के अंतर्गत सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा स्कूल-कॉलेजों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराधों की रोकथाम, अपने अधिकारों की रक्षा, आत्मरक्षा के उपायों तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान मिशन शक्ति टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रमों के दौरान स्कूली छात्राओं, महिलाओं और बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

 

कुशीनगर पुलिस का यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा समाज में महिला सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित किया गया।