news-details

महिला सुरक्षा और अधिकारों से रूबरू हुईं छात्राएं

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़, पडरौना (कुशीनगर)। पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय दुर्गवलिया की छात्राओं एवं शिक्षकों ने मंगलवार को वन स्टॉप सेंटर का भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक कर जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।केंद्र प्रशासिका रीता यादव ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना, मुख्यमंत्री बाल सेवा और सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की पात्रता एवं लाभ बताए। केस वर्कर प्रियंका चौरसिया ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181, आपातकालीन सेवा 112 तथा एंबुलेंस सेवा 108 और 102 की जानकारी दी।पैरालीगल वॉलंटियर धर्मशीला ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता और हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को जरूरत पड़ने पर कानूनी मदद लेने की प्रक्रिया समझाई।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधीर, वन स्टॉप सेंटर के कार्यालय सहायक मुनीष कुमार कुशवाहा, रंजना उपाध्याय सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।