
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। आईटीआई अलीगंज में गुरुवार को महिला स्पेशल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी रोजगार के अवसर तलाशने पहुंचीं। मेले में कुल 725 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। टेस्ट और इंटरव्यू के बाद 405 अभ्यर्थी रोजगार के लिए योग्य पाई गईं, जिनमें से 175 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ।रोजगार मेले में हीरो मोटोकॉर्प, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और अल्मास एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने भाग लिया। हीरो मोटोकॉर्प में 50, हिंदुस्तान यूनिलीवर में 50, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस में 50 और अल्मास एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स में 25 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।मेले का उद्घाटन लखनऊ उत्तरी के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने कौशल को विकसित कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। आईटीआई अलीगंज के प्रधानाचार्य डॉ. राज कुमार यादव ने बताया कि संस्थान प्रशिक्षण के साथ युवाओं और युवतियों को रोजगार व अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।