news-details

महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक

You can share this post!

पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण अभियान के तहत बुधवार को जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा उपायों और उनके अधिकारों की जानकारी दी। अभियान के दौरान महिलाओं को अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के उपाय और विपरीत परिस्थितियों में तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। एंटी रोमियो टीमों ने 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी। साइबर अपराध की शिकायत के लिए साइबर क्राइम पोर्टल के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिलाओं से छेड़छाड़, उत्पीड़न, हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।