
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के 13 अक्टूबर को प्रस्तावित अमेठी दौरे की तैयारियों को लेकर रविवार को जगदीशपुर क्षेत्र के डेहरियांवा में सूर्यभान मौर्य के आवास पर बैठक हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ सेक्टर और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष विजय प्रजापति ने बसपा की नीतियों और उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सुशासन, विकास और कानून का राज स्थापित करने के लिए बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाना समय की जरूरत है।बामसेफ के जिला संयोजक संजीव भारती ने कहा कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के मानवतावादी आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने राजनीतिक सत्ता को समाज के कल्याण का माध्यम बताया था।जिला अध्यक्ष सुरेश कमल ने आरोप लगाया कि बसपा को छोड़कर अन्य राजनीतिक दल पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें आरक्षण और संविधान विरोधी बताया। बैठक में पहुंचे पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने और संगठनात्मक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।बैठक का संचालन महासचिव अवधेश कुमार बौद्ध ने किया। इस दौरान बामसेफ के जिला सह संयोजक त्रिभुवन दत्त, सालिकराम बौद्ध, राम बोध सरोज, रामकृष्ण, श्रीकृष्ण, रमेश कुमार, साहब दीन बौद्ध, शारदा प्रसाद, रघुनाथ, गंगाराम, राम लगन बौद्ध, आशाराम पासी, दुर्गा प्रसाद, राम भवन, सांई सरन, फूलचंद्र, धर्मेंद्र कुमार और जगन्नाथ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।