
Pardarshi Vikas News Hamirpur
हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को लोगों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। दर्जनों की संख्या में नागरिक, महिलाएं और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया और वहीं धरना देते हुए अनशन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी, रीडिंग संबंधी गड़बड़ियां और अनियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। लोगों का आरोप है कि समय से बिल जमा करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जिससे भीषण गर्मी में आम जनता परेशान है।
जब प्रदर्शनकारी विभागीय कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। कार्यालय के काउंटर भी बंद थे। इससे नाराज लोगों ने कार्यालय परिसर में ही डेरा डाल दिया और नारेबाजी करते हुए आंदोलन शुरू कर दिया।
धरने में शामिल लोगों ने मांग की कि सभी स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। साथ ही गलत बिलों की जांच कर राहत दी जाए और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए। महिलाओं ने कहा कि लगातार कटौती और खराब सप्लाई से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व संदीप बाल्मीकि, याकूब गड्डी और रमजानी ने किया। प्रशासन ने मामले पर नजर बनाए रखी है और स्थिति सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।