
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/प्रतापगढ़।बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने रेस्टोरेंट, ढाबों और मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के छह नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 अभय कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने रानीगंज स्थित तिवारी ढाबा का निरीक्षण किया। यहां से पकी हुई दाल और सरसों के तेल के नमूने लिए गए। इसके बाद देव भोग स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। पावर हाउस रानीगंज स्थित मिठा महल से खोया तथा पृथ्वीगंज स्थित मनीराम स्वीट्स से भी खोया का नमूना लिया गया।जिला अस्पताल चौराहा स्थित सागर जलपान गृह से खोया बर्फी और खोया के नमूने संग्रहित किए गए। इस तरह कुल छह नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता में कमी या मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, डॉ. यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी और डॉ. शमशुन नेहा सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।