
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत मंगलवार को औरैया में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में आयोजित अभियान में महिला पुलिसकर्मियों एवं एनसीसी की छात्राओं ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।अभियान के दौरान जेसी चौराहा, सुभाष चौराहा और संजय गेट सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर मिशन शक्ति टीम और यातायात पुलिस ने छात्राओं के साथ मिलकर वाहन चालकों तथा राहगीरों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और यातायात संचालन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी छात्राओं ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।औरैया पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था बेहतर बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करना है।