
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कलेक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक भावुक मामला सामने आया, जब दो मासूम बहनों ने पारिवारिक विवाद में अपना गुल्लक फोड़े जाने की शिकायत जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना जाजमऊ को जांच के निर्देश दिए। जनता दर्शन में जाजमऊ क्षेत्र की निवासी शन्नो अपनी बेटियों इस्वा खां और मरियम फातिमा के साथ पहुंची थीं। मां की शिकायत घरेलू विवाद से जुड़ी थी, लेकिन बातचीत के दौरान बच्ची का गुल्लक फोड़े जाने का मामला सामने आया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।शन्नो ने बताया कि उनकी बेटी इस्वा काफी समय से अपने मिट्टी के गुल्लक में पैसे जमा कर रही थी। उसका सपना था कि गुल्लक भरने के बाद वह अपने लिए स्कूल बैग या अन्य जरूरी सामान खरीदेगी, लेकिन घरेलू विवाद के दौरान उसका गुल्लक तोड़कर उसमें से पैसे निकाल लिए गए।डीएम ने बच्चियों को अपने पास बुलाकर उन्हें नया मिट्टी का गुल्लक और स्कूल बैग भेंट किया। साथ ही उन्होंने बच्चियों के हाथों से नए गुल्लक में खुद 1000 रुपये भी डलवाए, जिससे बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।जब डीएम ने बच्ची से पूछा कि वह गुल्लक में क्या रखती थी, तो इस्वा ने मासूमियत से बताया कि वह रोज थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाती थी। महिला ने यह भी बताया कि मामले की शिकायत पहले थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर डीएम ने जाजमऊ थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।