
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के परिवार के सदस्यों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों को लेकर शिकायत का मामला सामने आया है। मामले में जिला पंचायत सदस्य अरुण प्रजापति ने आरोपों को गलत बताते हुए विवाद की वजह पैसों का लेनदेन बताया है।अरुण प्रजापति के अनुसार आरोप लगाने वाला युवक उनके परिवार का ही सदस्य है और पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि घर में शादी के नाम पर पैसे लिए गए थे। इन्हीं पैसों को वापस करने को लेकर विवाद हुआ और बाद में उनके व परिवार के अन्य सदस्यों पर आरोप लगाए गए।वहीं, अभिषेक प्रजापति ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में अरुण प्रजापति द्वारा पैसे लेने के आरोप को झूठा और मनगढ़ंत बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।थाने में हुआ समझौता: विवाद थाने पहुंचने के बाद अभिषेक प्रजापति और अरुण प्रजापति के बीच समझौता हुआ। समझौता पत्र में अभिषेक ने प्रार्थना पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही है। माता प्रसाद प्रजापति, रामशंकर प्रजापति और रामजनक प्रजापति को समझौते में गवाह बनाया गया है। समझौते के बाद अभिषेक ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो जारी कर मामले की जानकारी दी।