
कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में मानसिक रोग विभाग की नई तीन मंजिला बिल्डिंग लगभग तैयार हो चुकी है, लेकिन बजट की कमी और तकनीकी कार्यों के चलते अभी तक इसे शुरू नहीं किया जा सका है। यह भवन करीब दो साल से निर्माणाधीन था और इसे 12 मार्च 2026 तक पूरा होना था, लेकिन अभी भी कुछ कार्य बाकी हैं।बिल्डिंग में एसी, सर्वर रूम और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का काम जारी है। वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने फर्नीचर, मशीनों और अन्य सुविधाओं के लिए शासन से करीब 3 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट मांगा है।नई बिल्डिंग में मानसिक रोगियों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसमें पुरुष और महिला वार्ड, डी-एडिक्शन बेड, योगा रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और बच्चों की काउंसलिंग के लिए अलग कक्ष शामिल हैं।परियोजना के लिए पहले ही 21 करोड़ से अधिक का बजट जारी किया जा चुका है, लेकिन अतिरिक्त संसाधनों के बिना संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। प्रशासन का कहना है कि बजट मिलते ही बिल्डिंग को पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा।