
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय-2 की एक छात्रा ने विद्यालय की महिला शिक्षिका पर गंभीर मानसिक उत्पीड़न, धमकी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि शिक्षिका ने उसके साथ कथित रूप से जातिसूचक और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया तथा उसे वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी।पीड़ित छात्रा का कहना है कि शिक्षिका ने कथित तौर पर कहा, "तुम्हारे वीडियो मेरे पास हैं, मुझे पता है तुम कैसी हो, मैं इन्हें वायरल कर दूँगी।" छात्रा और उसके परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान है।परिवार के अनुसार, 18 जुलाई से छात्रा, उसका भाई और चाचा लगातार चकेरी थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उनका आरोप है कि पुलिस शिकायत दर्ज करने के बजाय समझौते और बॉन्ड भरवाने का दबाव बना रही है।छात्रा के भाई मृत्युंजय ने दावा किया कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी बहन ने आत्महत्या का प्रयास भी किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र संगठनों की मदद लेकर आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।फिलहाल मामले में पुलिस और संबंधित शिक्षिका का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की है
