
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा की। उन्होंने बैंकर्स को लंबित आवेदनों का एक सप्ताह में निस्तारण करने और अधिक से अधिक पात्र युवाओं के ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन ने बताया कि जनपद को 1,700 आवेदनों का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष 1,509 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 524 आवेदनों पर ऋण स्वीकृत कर वितरित किया जा चुका है, जबकि 760 आवेदन निरस्त और 486 लंबित हैं। डीएम ने खराब प्रगति वाले बैंकों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा पात्र आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी पात्र आवेदन को बिना उचित कारण निरस्त न किया जाए। आवेदन में कमी होने पर आवेदक को जानकारी देकर प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जिन बैंकों की प्रगति में सुधार नहीं होगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर अगले महीने तक योजना की प्रगति और जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए प्रयास करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, एलडीएम राम अवतार मीणा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।