
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर नेशनल इक्वल पार्टी 8 अक्टूबर को प्रदर्शन करेगी। पार्टी की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की गई है। पार्टी नेताओं ने कहा कि ज्ञापन केवल जिलाधिकारी को ही सौंपा जाएगा और किसी अन्य अधिकारी को नहीं दिया जाएगा।चंदौली में समाजवादी पार्टी सांसद वीरेंद्र सिंह के कैंप कार्यालय पर आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में नेशनल इक्वल पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शन की जानकारी दी। नेशनल इक्वल पार्टी के शशिप्रताप सिंह ने कहा कि 8 अक्टूबर को सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जिलाधिकारी से स्वयं आकर ज्ञापन लेने की मांग करेगी।पार्टी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर विभिन्न आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग रखी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की ओर से अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी और ज्ञापन सौंपने की बात कही गई है। प्रेस वार्ता में रविन्द्र गुप्ता समेत पार्टी और समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।