मांगों को लेकर लेखपालों का विरोध
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। कप्तानगंज में विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों का विरोध प्रदर्शन जारी है। शनिवार को थाना दिवस के दौरान लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर काम किया और अपनी मांगों के समर्थन में नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो 17 अक्टूबर से सरकारी कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।लेखपालों की प्रमुख मांगों में 2800 ग्रेड पे लागू करना, वेतन विसंगतियां दूर करना, एक मंडल से दूसरे मंडल में स्थानांतरण की सुविधा देना और वाहन भत्ते में बढ़ोतरी करना शामिल है। उनका कहना है कि राजस्व संबंधी कार्यों के लिए उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में जाना पड़ता है, लेकिन वर्तमान वाहन भत्ता पर्याप्त नहीं है। लेखपालों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को शासन के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं होने से उनमें नाराजगी बढ़ रही है। इसी के विरोध में काली पट्टी बांधकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। लेखपालों के कार्य बहिष्कार से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन सहित राजस्व विभाग के कई कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरेंद्र प्रजापति, विचित्र मणि, सुबोध कुमार गौतम, नीरज दुबे, सुनीता निगम, संजू पासवान, दिलीप सिंह, सत्येंद्र मल्ल और दीपक गुप्ता सहित कई लेखपाल मौजूद रहे।