
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर।
कुशीनगर पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए मोबाइल का लॉक तोड़कर उसे रीसेट करते थे। इसके बाद सिम के जरिए ई-मेल और अन्य डेटा हासिल कर UPI पिन रीसेट करते और बैंक खाते में उपलब्ध रकम की जानकारी लेकर ऑनलाइन खरीदारी करते थे।पुलिस के मुताबिक आरोपी फ्लिपकार्ट समेत अन्य वेबसाइटों से सामान मंगवाकर उसे फर्जी पते पर प्राप्त करते थे। बाद में सामान बेच देते या स्वयं इस्तेमाल करते थे। इस तरह करीब 8.70 लाख रुपये की ऑनलाइन खरीदारी का मामला सामने आया है।थाना साइबर क्राइम और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 15 सितंबर को इरशाद अंसारी, निवासी जंगल लाला छपरा सोहनपुर और अर्जुन कुमार रजक, निवासी जंगल लाला छपरा दुबौली बाजार, थाना विशुनपुरा को गिरफ्तार कियाआरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल, तीन पावर बैंक, ईयरबड्स, तीन आयरन, दो इंडक्शन, सैंडविच मेकर, सीलिंग फैन, मिक्सर ग्राइंडर समेत करीब 8.50 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ। दो आईफोन और दो सैमसंग गैलेक्सी एस-26 अल्ट्रा समेत अन्य सामान भी बरामद किया गया।पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मोबाइल चोरी होने पर बैंक, UPI और ई-मेल खातों को तत्काल सुरक्षित करने, CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और सिम ब्लॉक कराने की अपील की है।