
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य और ट्रैफिक ब्लॉक का असर अब अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट रेल रूट पर भी दिखाई देने लगा है। उत्तर रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से बदल दिया है। पहले ये ट्रेनें लखनऊ होकर संचालित होती थीं, लेकिन अब इन्हें सुलतानपुर, जफराबाद, शाहगंज और अयोध्या कैंट होकर चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस बदलाव से अयोध्या रूट के यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलेगी, जबकि लखनऊ जाने वाले यात्रियों को कुछ परेशानी उठानी पड़ सकती है। बदले गए मार्गों में रक्सौल-आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस, पटना-गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस, इंदौर-पटना एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का लाइव स्टेटस और संशोधित रूट जरूर जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।