
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर उस समय भारी तनाव की स्थिति बन गई जब सिराथू विधायक पल्लवी पटेल अपने करीब 2 हजार कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करते हुए स्टेशन परिसर में पहुंच गईं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए एक चलती ट्रेन के इंजन को रोक दिया और उस पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यकर्ता अचानक प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचे और वहां से गुजर रहे एक इंजन के सामने आकर उसे रोक दिया। इसके बाद कई कार्यकर्ता, जिनमें पल्लवी पटेल भी शामिल थीं, इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रदर्शनकारी अपना दल (कमेरावादी) के बैनर तले UGC से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे थे। इससे पहले कार्यकर्ता चारबाग से विधानसभा की ओर कूच करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद भीड़ अचानक रेलवे स्टेशन की ओर मुड़ गई।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे और पुलिस प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात किया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को हटाने की कोशिश शुरू की। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से इको गार्डन भेजा गया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण से जुड़े मुद्दों को उठाया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।रेलवे अधिकारियों ने स्थिति सामान्य करने के लिए ट्रेन संचालन को कुछ समय के लिए रोक दिया। बाद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर धीरे-धीरे स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्टेशन परिसर में स्थिति सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।