
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में शुक्रवार रात चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई। परिजन उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिवा की मां रंजना शर्मा ने उनकी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे, उसके परिवार से जुड़े लोगों और ड्राइवर पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।परिजनों के मुताबिक, शिवा पिछले चार महीने से सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। शिवा कपड़ों की दुकान और आंगन नाम से रेस्टोरेंट चलाते थे। मां का आरोप है कि श्रद्धा उनके बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी और पहले भी उसके साथ मारपीट करती थी।रंजना शर्मा ने दावा किया कि अस्पताल में बेटे के शरीर पर चोटों के निशान थे। उन्होंने मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।एसीपी रजनीश वर्मा के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे समेत अन्य संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।