
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मड़ियांव थाना क्षेत्र के मामा कॉलोनी, फैजुल्लागंज में 22 वर्षीय युवक शुभम सोनी की हत्या का मामला सामने आया है। रविवार सुबह उसका शव घर के बाहर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दोस्त सुमित और उसके पिता मथुरा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के मुताबिक, सुमित ने कुछ दिन पहले अपनी मां की पायल बेचने के लिए शुभम की मदद ली थी। बाद में शुभम को जानकारी हुई कि पायल उसकी मां की थी। उसने सुमित से इस बारे में परिवार को बताने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था।आरोप है कि शनिवार शाम सुमित शुभम को घूमने के बहाने घर से बुलाकर ले गया। रात में सुमित और उसके पिता ने उस पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग शुभम के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में वह घायल अवस्था में लड़खड़ाते हुए आगे बढ़ता और बाद में सड़क पर गिरता नजर आ रहा है।परिजनों का आरोप है कि शुभम के पेट में लोहे की रॉड घोंपकर उसकी हत्या की गई। मृतक की मां मालती सोनी ने दोस्त सुमित और उसके पिता के अलावा अन्य लोगों पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।