
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे एक कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां और 2 हाइड्रोलिक मशीनें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।करीब 5 घंटे तक आग बुझाने के प्रयास के बाद दोपहर में आग दोबारा तेजी से भड़क उठी। इस बार धुएं का रंग सफेद से काला हो गया और लपटें पहले से ज्यादा तेज हो गईं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की कॉलोनियों और मोहल्लों के घरों को खाली कराना शुरू कर दिया।यह कोल्ड स्टोरेज लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे स्थित है और करीब 35 साल पुराना बताया जा रहा है। इसमें हल्दी, मिर्च समेत किराने का सामान रखा हुआ था। आग के दौरान मिर्च-मसाले जलने से तेज झार और धुआं फैल गया, जिससे फायरकर्मियों को अंदर जाने में परेशानी हुई।फायर टीम ने अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन धुएं और जलती मिर्च की झार के कारण कर्मचारियों को बाहर आना पड़ा। इसके बाद हाइड्रोलिक मशीन और प्लेटफॉर्म की मदद से ऊपर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया।राहत कार्य के दौरान तेज हवा चलने से धुएं का रुख बदल गया, जिससे कुछ फायरकर्मी भी धुएं की चपेट में आ गए। आंखों में जलन और खांसी के बावजूद टीम ने मोर्चा संभाले रखा।आग बुझाने के लिए इंदिरा नहर से भी पानी लाया गया। अब तक किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है। कोल्ड स्टोरेज मालिक राहुल गुप्ता भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
