news-details

लखनऊ अग्निकांड के मृतकों को छात्रसंघ बहाली मोर्चा ने दी श्रद्धांजलि, शासन-प्रशासन के खिलाफ फूटा आक्रोश

You can share this post!

 

कानपुर। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 युवाओं को श्रद्धांजलि देने के लिए छात्रसंघ बहाली मोर्चा द्वारा श्यामनगर स्थित छप्पन भोग चौराहे पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र, युवा और स्थानीय नागरिक एकत्रित हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा मोमबत्तियां जलाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभा को संबोधित करते हुए छात्रसंघ बहाली मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी अनस साहू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

वहीं, छात्र नेता अमन यादव ने कहा कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों और जिम्मेदार अधिकारियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र संगठन लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। सभा में मौजूद लोगों ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें न्याय दिलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मोर्चा के पदाधिकारी शुभम सिंह परमार, अभय, अमन, शिवांशु, संजय सिंह, हर्षित सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वार्ड-74 की पार्षद नीलम शुक्ला और शक्ति शुक्ला ने भी भाग लिया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। श्रद्धांजलि सभा का समापन मृतकों की आत्मा की शांति और पीड़ित परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना के साथ किया गया।

 

 

 

"लखनऊ अग्निकांड में युवाओं की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए। सरकार और प्रशासन को इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और लोगों का विश्वास बना रहे।"
वार्ड-74 की पार्षद नीलम शुक्ला