पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र में लक्ष्मीपुर से शाहपुर, नौका टोला और भगवानपुर होते हुए नारायणी नदी के बिरा भार ठोकर तक जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली को लेकर अब जिम्मेदार विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और बारिश के कारण हुए जलजमाव से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।लक्ष्मीपुर ग्रामसभा के प्रधान ने सड़क की स्थिति से खड्डा विधायक विवेकानंद पाण्डेय को अवगत कराया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने सड़क का जायजा लिया और गड्ढों को भरने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का काम शुरू कराया।मरम्मत कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मीपुर से नारायणी नदी तक जाने वाले इस मार्ग का जल्द ही चौड़ीकरण भी कराया जाएगा। ग्रामीणों ने सड़क का स्थायी निर्माण और चौड़ीकरण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।