
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। शहर के श्री लड्डूगोपाल मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम रही। भागवताचार्य अंकुश तिवारी जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।जन्म प्रसंग आते ही मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ जन्मोत्सव मनाया। भागवताचार्य ने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना के लिए अवतार लेते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने कंस के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लिया था। उनकी बाल लीलाओं का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।श्रीमती गीता पोरवाल और राजकुमार पोरवाल के परिवार की ओर से आयोजित कथा में नगर के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजक परिवार ने नगरवासियों से कथा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की।