news-details

लेदर फैक्ट्री में लगी आग, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ क्षेत्र स्थित एक लेदर फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग फैक्ट्री के स्प्रे डिपार्टमेंट में लगी और देखते ही देखते अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। समय रहते मजदूरों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जबकि फैक्ट्री से उठते काले धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।जानकारी के अनुसार, जाजमऊ के केडीए निवासी अरशद की ‘एक्ने ट्रेनर्स’ नामक लेदर फैक्ट्री हिंदुस्तान कंपाउंड में स्थित है। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर बने स्प्रे डिपार्टमेंट में रखे कंप्रेसर में कथित शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। उस समय विभाग में छह से अधिक मजदूर काम कर रहे थे।आग लगते ही कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कर्मचारियों ने फैक्ट्री में उपलब्ध संसाधनों और पड़ोसी फैक्ट्रियों से पाइप लगाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।करीब एक घंटे बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।फैक्ट्री से निकल रहे घने काले धुएं को देखकर आसपास के लोग सहम गए और कई परिवार एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। लेदर फैक्ट्री में मौजूद केमिकल, चमड़ा और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण दमकल कर्मियों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग नुकसान का आकलन कर रहे हैं।