
पारदर्शी विकास न्यूज़ संजीव भारती लखनऊ/अमेठी। लोक निर्माण विभाग की ओर से नये वित्तीय वर्ष के लिए कार्ययोजनाएं तैयार करने का काम प्रदेश के अधिकांश जिलों में पूरा नहीं हो पाया है। पिछले वित्तीय वर्ष के अवशेष कार्यों को शामिल करते हुए लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में कार्ययोजनाओं के निर्माण और कार्यों की फीडिंग का काम तेज है। गुरुवार की शाम मुख्य अभियंता ने बर्चुअल मीटिंग करके कार्यों की समीक्षा की।मुख्य अभियंता ने सभी अधीक्षण और अधिशासी अभियंताओं को शासन के नवीनतम निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के अन्तर्गत निर्माणाधीन परियोजनाओं के मामले में अब सहायक अभियंता और अवर अभियंता दफ्तर में बैठकर रिपोर्ट नहीं कर पायेंगे। सभी अभियंताओं को हर सप्ताह लक्ष्य और उपलब्धि का उल्लेख करते हुए साप्ताहिक रिपोर्ट देनी होगी।इस रिपोर्ट के लिए मुख्य अभियंता की ओर से एक प्रारूप भेजा गया है।इसी प्रारूप पर सभी सहायक अभियंताओं को रिपोर्ट बनानी होगी। अधिशासी अभियंता कम्पाइल रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को भेजेंगे। पिछले वर्ष के जो काम पूरा नहीं हुए हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन की ओर से खराब सड़कों को ठीक करने के लिए गड्ढा मुक्त अभियान अगले महीने शुरू होना है।इस अभियान की कार्ययोजना और सड़कों की सूची मांगी गई है।जून में बजट आवंटित होने की संभावना है।