लाखों का रिसोर्स रिकवरी सेंटर बंद
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। विकासखंड खड्डा के सारंग छपरा गांव में स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाखों रुपये की लागत से बनाया गया रिसोर्स रिकवरी सेंटर बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों के अनुसार केंद्र का नियमित संचालन नहीं हो रहा है और मौके पर ताला लगा मिला। आसपास झाड़ियां भी उग आई हैं।केंद्र का उद्देश्य गांव से निकलने वाले कचरे का संग्रहण, छंटाई और उचित निस्तारण करना था, लेकिन इसके बंद रहने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव की गलियों और सड़कों के किनारे कूड़ा दिखाई दे रहा है।ग्रामीणों ने केंद्र के नियमित संचालन की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन से तैयार किए गए केंद्र का उपयोग सुनिश्चित होना चाहिए, ताकि गांव में कचरा निस्तारण की व्यवस्था बेहतर हो सके।ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से केंद्र की स्थिति का निरीक्षण कराने, परिसर में उगी झाड़ियों की सफाई कराने और नियमित कूड़ा निस्तारण व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है।