
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के तारुन ब्लॉक की बालापुर ग्राम पंचायत के नंदापुर गांव में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन लीक होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण घरों के सामने सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जमा पानी से मच्छरों और कीटों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। साथ ही, पाइपलाइन के आसपास गंदा पानी जमा होने से पेयजल के दूषित होने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पहले भी शिकायत के बाद मरम्मत कराई गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में पाइपलाइन फिर से लीक होने लगी। बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई कर पाइपलाइन की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।