news-details

लेबर चौकों पर श्रमिकों को योजनाओं की दी गई जानकारी

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र निर्माण श्रमिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्रम विभाग की ओर से सोमवार को जनपद के कसया, पडरौना और हाटा स्थित लेबर चौकों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्य की तलाश में पहुंचे निर्माण श्रमिकों को विभाग में पंजीयन कराने तथा पहले से पंजीकृत श्रमिकों को समय से नवीनीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने बताया कि अभियान के दौरान श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, आयुष्मान कार्ड, कन्या विवाह सहायता योजना, अटल आवासीय विद्यालय योजना तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना प्रमुख हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य श्रमिकों और उनके परिवारों को विभिन्न परिस्थितियों में आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।श्रमिकों को बताया गया कि निर्माण श्रमिक नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से अथवा www.upbocw.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। पूर्व में पंजीकृत श्रमिक निर्धारित समय पर इसी पोर्टल के माध्यम से अपना वार्षिक नवीनीकरण करा सकते हैं। पंजीयन और नवीनीकरण के बाद पात्रता के अनुसार संतान के जन्म, बच्चों की शिक्षा, पुत्री के विवाह तथा श्रमिक की मृत्यु सहित विभिन्न परिस्थितियों में बोर्ड की योजनाओं के तहत सहायता एवं अनुदान का लाभ लिया जा सकता है।अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने डिजिटल लेबर चौक की व्यवस्था के बारे में भी श्रमिकों को जानकारी दी। बताया गया कि डिजिटल लेबर चौक का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा श्रमिकों और नियोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।