
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग, चिकित्सा विभाग और उम्मीद सामाजिक संस्था के संयुक्त सहयोग से बुधवार को महात्मा गांधी चौक स्थित लेबर अड्डे पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं श्रमिक पंजीयन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लेबर अड्डे पर पहुंचे 87 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम ने श्रमिकों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही निर्माण क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिकों का पंजीयन भी किया गया, ताकि उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने श्रमिकों को विभाग की योजनाओं और पंजीयन के महत्व की जानकारी दी। शिविर में श्रम विभाग के कर्मचारी अभिषेक श्रीवास्तव और शशि शेखर मिश्रा मौजूद रहे। उम्मीद संस्था की ओर से वरुण राय और उमेश पवन तथा चिकित्सा विभाग की टीम ने सहयोग किया।शिविर में सुभाष, राजकुमार, टुनटुन, अर्जुन, संतोष, सुरेश, जवाहर, गोविंद, बनवारी और प्रभु सहित अन्य श्रमिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। श्रमिकों ने स्वास्थ्य जांच और पंजीयन की सुविधा को उपयोगी बताते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।