
तीन किमी दूर कैसे पहुंची रोडवेज बस?
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। हलियापुर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की जनता सेवा बस अचानक गायब होने से विभाग में हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह तलाश के दौरान बस करीब तीन किलोमीटर दूर तिरहुत मोड़ स्थित जीत मेडिकल स्टोर के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। अयोध्या-जगदीशपुर मार्ग पर चलने वाली बस संख्या यूपी 42 एटी 9923 को चालक उमेश कुमार तिवारी निवासी गौहनिया ने सोमवार शाम करीब सात बजे गौहनिया मजरे हलियापुर के पास खड़ा किया था। मंगलवार सुबह 5:30 बजे बस गायब मिली तो चालक ने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बस तिरहुत मोड़ के पास मिल गई। सूचना पर पहुंची हलियापुर पुलिस ने चालक उमेश कुमार तिवारी और परिचालक धर्मेंद्र कुमार निवासी बारुर्न को पूछताछ के लिए थाने पर रोका। रोडवेज के एआरएम और संबंधित इंचार्ज को सूचना दे दी गई है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। बस निर्धारित स्थान से तीन किलोमीटर दूर कैसे पहुंची, पुलिस इसकी जांच कर रही है।