
पारदर्शी विकास ब्यूरो / खड्डा, कुशीनगर।
नवरात्रि के पावन पर्व पर खड्डा नगर में मां दुर्गा की भक्ति और आस्था का माहौल छाया हुआ है। नगर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा के भव्य पंडाल सजाए गए हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का आयोजन किया गया है, लेकिन पुरानी बस स्टेशन पर सजाया गया मां दुर्गा का दरबार श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस बार पंडाल को अनूठे अंदाज में सजाया गया है, जहां भक्तों को मां के दर्शन के लिए आकर्षक गुफानुमा रास्ते से गुजरना होगा।पुरानी बस स्टेशन स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं के लिए भव्य गुफा का निर्माण किया गया है। इस गुफानुमा मार्ग को इस तरह सजाया गया है कि भक्त रास्ते में जगह-जगह देवी-देवताओं के दर्शन करते हुए आगे बढ़ेंगे। गुफा से होकर गुजरने में करीब 15 मिनट का समय लगेगा। इसके अंतिम छोर पर श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे। अनूठी सजावट और विशेष व्यवस्था के कारण यह पंडाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।मां दुर्गा के आगमन के उपलक्ष्य में पुरानी बस स्टेशन स्थित पूजा पंडाल से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। इस दौरान कुंवारी कन्याओं ने कलश धारण कर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ नगर भ्रमण करते हुए आगे बढ़े।कलश यात्रा पूजा पंडाल से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर पहुंची। इसके बाद पूरे खड्डा बाजार की परिक्रमा करते हुए छठ पोखरा, महाराणा प्रताप चौक और स्टेट बैंक के रास्ते वापस पंडाल स्थल पर पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापित किए गए।इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के पदाधिकारी और सदस्य जुटे रहे। कलश यात्रा में संस्थापक अजय जायसवाल, अध्यक्ष अर्जुन जायसवाल, दामोदर कुशवाहा, कन्हैया मद्धेशिया, सुभाष जायसवाल और बबलू राय सहित दर्जनों लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।नवरात्रि के अवसर पर खड्डा नगर में सजे दुर्गा पूजा पंडालों और आयोजित मेले से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।