news-details

खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी 2027 तक मिलेगी 25 फीसदी छूट: योगी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेशवासियों को खादी के वस्त्रों पर 25 फीसदी छूट देने की घोषणा की। यह छूट 30 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खादी को जीवन का हिस्सा बनाने और स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों व बुनकरों के हुनर को सम्मान देने की अपील की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनेक्सी स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी का ‘स्वदेशी से स्वावलंबन’ का मंत्र देश की आजादी का आधार बना। उनके नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन जनांदोलन में बदल गया और अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।योगी ने कहा कि गांधी जी का आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन का विचार विकसित भारत की आधारशिला बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल टू ग्लोबल’ के विचार के अनुरूप गांवों में बने उत्पादों को प्रोत्साहित करना और कारीगरों को मंच उपलब्ध कराना स्वाधीनता के महानायकों के प्रति सच्ची कृतज्ञता है।लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सादगी, सज्जनता और संघर्षशील व्यक्तित्व हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। शास्त्री जी का ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा स्वाधीन भारत का मंत्र बना। उन्होंने जवानों के सम्मान और देश को खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर है और अन्य देशों को भी आपूर्ति करने में सक्षम है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह और लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।