खादी एवं ग्रामोद्योग की योजनाओं से स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को कप्तानगंज विकासखंड सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से विपणन विकास सहायता (एससीएसपी) योजनांतर्गत आयोजित कार्यक्रम में 150 से अधिक युवक-युवतियों और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना और व्यावहारिक प्रशिक्षण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं से अवगत कराया गया। साथ ही खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों के विपणन और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि के रूप में खड्डा विधायक तथा नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने युवाओं को तकनीकी योग्यता के आधार पर स्वरोजगार शुरू करने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से इच्छुक लोग अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।