
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। पीजीआई कोतवाली क्षेत्र स्थित बाबूखेड़ा गांव में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देशराज रावत के रूप में हुई है, जो करीब एक सप्ताह पहले जेल से रिहा होकर घर लौटा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।परिजनों के अनुसार देशराज सोमवार शाम घर से बाहर निकले थे, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह गांव के पास एक खेत में उनका शव पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान होने और नाक-कान से खून निकलने की बात सामने आने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।मृतक के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसके पिता फोन लेने की बात कहकर घर से निकले थे। सुबह शव मिलने की सूचना पड़ोसियों से मिली। बेटे का कहना है कि देशराज का कुछ समय पहले एक पड़ोसी से विवाद भी हुआ था। वहीं, मृतक की पत्नी सीमा ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।देशराज मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था, जबकि उसकी पत्नी घर पर परचून की दुकान संचालित करती हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है।डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला अप्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।