
पारदर्शी विकश न्यूज़ औरैया। अयाना थाना क्षेत्र के मिलक गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय किसान की खेत में बने कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल फैल गया।मृतक की पहचान मिलक निवासी वकील सिंह के रूप में हुई है, जो खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, वे कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे।जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम वकील सिंह ने अपने बेटे अनीश को एक त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने के लिए बाहर भेज दिया था और खुद खेत में खड़ी मूंग की फसल की रखवाली करने चले गए थे। रात करीब 11:30 बजे जब अनीश खेत पर पहुंचा तो उसे कुएं के पास पिता के चीखने की आवाज सुनाई दी और उन्होंने उन्हें कुएं में गिरा पाया।अनीश ने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किसान को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।