
PARDARSHI VIKASH NEWS सिद्धार्थनगर के भारत-नेपाल सीमा स्थित खुनुवां बॉर्डर पर परिवहन विभाग ने व्यावसायिक मालवाहक वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। बस्ती के आरटीओ सुरेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा गया।शोहरतगढ़-खुनुवां मार्ग पर नेपाल जाने वाले मालवाहक वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। टीम ने फिटनेस प्रमाणपत्र, रोड टैक्स, बीमा, परमिट सहित अन्य जरूरी अभिलेखों का सत्यापन किया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर एक ट्रक को सीज कर दिया गया, जबकि 15 वाहनों का चालान किया गया।अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और परमिट की अवधि समाप्त मिली। एक ट्रक के दस्तावेज वर्ष 2022 से ही अमान्य पाए गए, जिसके बाद उसे सीज कर मुख्यालय भेज दिया गया।अभियान के दौरान दो ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। दोनों वाहनों में धान लदा था, जिसे नेपाल के भैरहवा भेजा जा रहा था। जांच में ओवरलोडिंग नहीं मिली।आरटीओ सुरेश कुमार मौर्य ने बताया कि सड़क सुरक्षा, परिवहन नियमों के पालन और राजस्व हानि रोकने के लिए सीमा क्षेत्र में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। निरीक्षण में एआरटीओ संजय सिंह सहित परिवहन विभाग और सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।