
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के पहले दिन सोमवार को कानपुर के 56 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में पहले दिन 19,440 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। परीक्षा दो पालियों में हुई, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई।परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले जूते उतारने पड़े। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पांच स्तरीय जांच की गई। अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से तलाशी लेने के साथ-साथ बाल और दाढ़ी तक की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके।तलाशी के बाद अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस स्कैनिंग और रेटिना जांच की गई। सत्यापन पूरा होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने भी कई केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने पेपर को सामान्य से मध्यम स्तर का बताया। रायबरेली की शिवानी ने कहा कि रीजनिंग के कुछ प्रश्न चुनौतीपूर्ण रहे, जबकि हरदोई की कृतिका सिंह के अनुसार पेपर मॉडरेट था और अधिकांश प्रश्न संतुलित स्तर के थे।जौनपुर से परीक्षा देने पहुंचे अनुराग ने कहा कि अभ्यर्थी दूर-दूर से परीक्षा देने पहुंच रहे हैं, इसलिए भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे और पेपर लीक जैसी घटनाएं न हों। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा का आयोजन 10 जून तक जारी रहेगा।
कानपुर सेंट्रल पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़
पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। कई अभ्यर्थी फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म पर रात गुजारते हुए पढ़ाई करते नजर आए। अभ्यर्थियों ने ट्रेनों में अत्यधिक भीड़, महंगे किराए और अन्य सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई।अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ छात्रों ने अतिरिक्त परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन और बेहतर व्यवस्थाओं की मांग की। वहीं अधिकांश अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की अपील की।भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। सभी प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और प्रवेश-निकास द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और यात्रियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।रेलवे और पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं तथा भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।