
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कसया, कुशीनगर।
अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संगठन रोटरी क्लब कुशीनगर की ओर से शुक्रवार, 24 अक्टूबर को कसया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विश्व पोलियो दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को नियमित टीकाकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और रोटरी क्लब के सदस्यों ने पोलियो मुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया के अधीक्षक डॉ. मार्कण्डेय चतुर्वेदी ने विश्व पोलियो दिवस की शुभकामनाएं देते हुए रोटरी क्लब के सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत अभियान में रोटरी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि नियमित टीकाकरण और विशेष पोलियो अभियान के दौरान अपने पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
रोटरी के सह संरक्षक वाहिद अली ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 24 अक्टूबर को विश्व पोलियो दिवस मनाया जाता है। यह दिवस पोलियो के खिलाफ टीका विकसित करने वाली टीम का नेतृत्व करने वाले वैज्ञानिक डॉ. जोनास साल्क के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि वैश्विक पोलियो उन्मूलन पहल की शुरुआत वर्ष 1988 में रोटरी इंटरनेशनल और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) सहित अन्य साझेदारों के सहयोग से हुई थी। उस समय दुनिया के 125 देशों में पोलियो के लगभग 3.5 लाख मामले सामने आए थे।
उन्होंने कहा कि रोटरी के सदस्य और स्वास्थ्यकर्मी दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचकर घर-घर बच्चों का टीकाकरण कराने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। पोलियो एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जिसका कोई विशिष्ट उपचार नहीं है, लेकिन टीकाकरण के माध्यम से इससे बचाव संभव है। इसलिए प्रत्येक बच्चे को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पोलियो की खुराक दिलाना जरूरी है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि वैश्विक स्तर पर पोलियो के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है, लेकिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे देशों में अब भी इस बीमारी का खतरा बना हुआ है। दुनिया के किसी भी हिस्से में पोलियो वायरस की मौजूदगी अन्य देशों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकती है। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था। इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए नियमित टीकाकरण और जागरूकता अभियान लगातार जारी रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में सीएचसी अधीक्षक डॉ. मार्कण्डेय चतुर्वेदी, रोटरी क्लब के सह संरक्षक वाहिद अली, अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव दुर्गेश चतुर्वेदी, वरिष्ठ उपाध्य