
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। मवई थाना क्षेत्र के बाबा बाजार अंतर्गत कसारी गांव से बाबा सुल्तान दास की कुटी जाने वाले मार्ग पर रविवार सुबह एक मादा नीलगाय का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पगडंडी के किनारे पड़ी नीलगाय के शव की छाती के पास से मांस और चमड़ी गायब थी, जिससे ग्रामीणों ने जंगली जानवरों या आवारा कुत्तों के हमले की आशंका जताई है।सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव की स्थिति देखकर लग रहा था कि मौत के बाद उसे किसी हिंसक जानवर या कुत्तों ने नोचा है, हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को घटनास्थल पर भेजने की बात कही गई है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।