news-details

कप्तानगंज रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर कुशीनगर के कप्तानगंज में आयोजित वृहद रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर मिला। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में 16 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 607 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दिया, जिसमें से 416 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया।जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मॉडल कैरियर सेंटर कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड और विशिष्ट अतिथि हाटा विधायक मोहन वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।रोजगार मेले में एलएंडटी कंस्ट्रक्शन, एलएंडटी फाइनेंस, द इंडिया थरमिट, जयभारत मारुति, भारतीय जीवन बीमा निगम, कृष्णा मारुति ट्रैवल लिमिटेड, फ्लिपकार्ट और क्वेस कॉर्प सहित कुल 16 कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कंपनियों की ओर से एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, सुपरवाइजर, मशीन ऑपरेटर, सेल्स ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, फील्ड लोन ऑफिसर और प्रोडक्शन ऑपरेटर समेत विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिया गया।इस अवसर पर अतिथियों ने कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और रोजगार मेले की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिलता है। युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।कार्यक्रम में नगर पंचायत कप्तानगंज अध्यक्ष विजय कुमार खेतान, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरेराम गुप्ता, भाजपा प्रतिनिधि मनोज मिश्रा, लालजी कन्नौजिया, कॉलेज के प्रधानाचार्य राम प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चन्दन कुमार गोंड ने किया।जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया था। 607 अभ्यर्थियों में से 416 का प्रारंभिक चयन होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। रोजगार मेला सकुशल संपन्न हुआ।