
कन्नौज। इत्र की विश्व प्रसिद्ध नगरी कन्नौज के ठठिया क्षेत्र स्थित रिक्खा पुरवा में अखिलेश्वर धाम आश्रम परिसर में अंतरराष्ट्रीय संत सौरभ महाराज की अनुमति से वृक्षारोपण, गौसेवा एवं आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं एवं आश्रम से जुड़े सेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक ब्रह्मलीन देव शरण नंद महाराज के स्मरण एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद आश्रम परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया। साथ ही गौशाला में गौसेवा कर भारतीय संस्कृति में प्रकृति और गौ संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों का प्रतिनिधित्व करते हुए अधिवक्ता श्रीकांत तिवारी गोपाल, पंकज श्रीवास्तव, अमित मिश्रा सहित कई संगठन पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आश्रम की सेवा गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान 21 जुलाई से प्रारंभ होने वाले नौ दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। महोत्सव के दौरान होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों, कथा, सत्संग, भंडारा, श्रद्धालुओं की व्यवस्था, सेवा कार्यों तथा अन्य आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई। आयोजन समिति ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के महोत्सव में शामिल होने की संभावना है।आश्रम प्रबंधन ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा, सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का उत्सव है। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं।कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना, वैदिक मंत्रोच्चार और सभी श्रद्धालुओं के मंगलमय जीवन की कामना के साथ हुआ।