news-details

कल्याणपुर में प्याऊ पर विवाद, छात्र और भतीजे पर हमला; पुलिस जांच में जुटी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक प्याऊ पर पानी लेने गए एक छात्र और उसके भतीजे पर दबंगों ने हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पत्थर से वार कर दोनों का सिर फोड़ दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के बिंदकी गांव निवासी युवराज सिंह कल्याणपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे वह अपने भतीजे यश सिंह के साथ पास के सार्वजनिक प्याऊ पर पानी लेने गए थे।वहां पहले से कुछ युवक शराब के नशे में मौजूद थे और गाली-गलौज कर रहे थे। युवराज ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया और पत्थर से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमले के बाद आरोपी उनकी जेब से 10 हजार रुपये और अंगूठी भी छीनकर फरार हो गए।घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।हालांकि, थाना प्रभारी ने लूट के आरोप को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताया है और कहा है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।