news-details

कबाड़ दुकान में भीषण आग, 25 लाख का नुकसान

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ
चौक क्षेत्र में बुधवार सुबह घंटाघर के पास स्थित एक कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब एक किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड को खबर दी। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा कबाड़ पूरी तरह जल गया, साथ ही पास खड़ी एक पिकअप और एक्टिवा स्कूटी भी खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों, प्राइवेट बसों और पास स्थित ट्रांसफार्मर को सुरक्षित बचा लिया गया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।