news-details

कब दौड़ेगी नौबस्ता मेट्रो? महीनों से तैयार कॉरिडोर

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। दक्षिण कानपुर के लाखों लोगों का मेट्रो का इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद है, लेकिन महीनों से तैयार खड़े सेंट्रल-नौबस्ता रूट पर मेट्रो संचालन की तारीख अब भी साफ नहीं हो सकी है। मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (CMRS) की ओर से सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद भी यात्री सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि जब ट्रैक, स्टेशन और सुरक्षा व्यवस्था तैयार है तो आखिर मेट्रो को हरी झंडी मिलने में देरी क्यों हो रही है? CMRS नीलाभ्र सेनगुप्ता की टीम ने 27 से 29 जून के बीच सेंट्रल से नौबस्ता के बीच ट्रैक, सिग्नलिंग, स्टेशन और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। जांच के बाद संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया। इसके बाद उम्मीद थी कि जल्द ही उद्घाटन की तारीख तय होगी और दक्षिण कानपुर को मेट्रो की सुविधा मिल जाएगी।यूपीएमआरसी की ओर से पहले स्वतंत्रता दिवस से पहले इस रूट पर मेट्रो संचालन शुरू होने की बात कही गई थी। लेकिन अब तारीख निकल चुकी है और यात्रियों को अभी भी आधिकारिक शुरुआत का इंतजार है। इससे उन दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनमें रूट को संचालन के लिए पूरी तरह तैयार बताया गया था।सेंट्रल से नौबस्ता तक रूट शुरू होने के बाद कॉरिडोर-1 की कुल लंबाई करीब 23.8 किलोमीटर हो जाएगी। इससे नौबस्ता, किदवई नगर, गोविंद नगर और आसपास के इलाकों के लोगों को शहर के प्रमुख बाजारों, कचहरी, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद भी उद्घाटन और संचालन की तारीख तय करने में इतनी देरी क्यों? जनता के बीच अब यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि कहीं फाइलों और औपचारिकताओं के नाम पर परियोजना को अनावश्यक रूप से तो नहीं रोका जा रहा। हालांकि भ्रष्टाचार के आरोपों की पुष्टि के लिए फिलहाल कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। ऐसे में यूपीएमआरसी और संबंधित अधिकारियों को देरी का स्पष्ट कारण और संचालन की निश्चित तारीख सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि वर्षों से इंतजार कर रहे दक्षिण कानपुर के लोगों को साफ जवाब मिल सके।