
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर।
सिविल लाइन गोलाघाट स्थित डॉ. विनोद कुमार सिंह के आवास पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन काशी से पधारे कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य डॉ. प्रभाकर पाण्डेय महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने पूतना वध, कालिया नाग मर्दन और गोवर्धन लीला के प्रसंग सुनाए। महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण की लीलाओं में मानव जीवन के लिए गहरे संदेश निहित हैं। पूतना प्रसंग से छल-कपट, कालिया नाग मर्दन से अहंकार त्याग और गोवर्धन लीला से प्रकृति, गौवंश व पर्यावरण संरक्षण का संदेश मिलता है। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।